बिहार के नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस घटना में तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस के मुताबिक, कई मजदूर अन्य दिनों की भांति गुरुवार की सुबह मंडी में काम करने के लिए नवादा जा रहे थे। इसी दौरान गया की ओर से नवादा आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक पांच मजदूरों को कुचलते हुए आगे निकल गया।
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
नवादा के नगर थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने आईएएनएस को बताया कि इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सभी मजदूर केवट नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान प्रह्लाद कुमार, समीर कुमार तथा आकाश कुमार के रूप में की गई है। उधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर सड़क से हटा दिया।


Download Android App
Download iOS App



