संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने अविवाहित महिलाओं को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और नौसेना अकादमी परीक्षा के लिए आवेदन करने की अनुमति दी है। एक आधिकारिक वक्तव्य में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। पिछले महीने उच्चतम न्यायालय ने इस बाबत निर्देश दिया था जिसके अनुपालन में यह कदम उठाया गया है।
वक्तव्य में बताया गया कि शीर्ष न्यायालय के अंतरिम निर्देश का अनुपालन करते हुए यूपीएससी ने इस परीक्षा के लिए अपनी वेबसाइट पर ‘‘केवल अविवाहित महिला उम्मीदवारों’’ के लिए आवेदन की व्यवस्था करने का फैसला किया है जो राष्ट्रीयता, आयु, शैक्षणिक योग्यता आदि मापदंडों पर खरी उतरती हैं।
इसमें बताया गया कि महिला उम्मीदवारों के लिए शारीरिक मापदंड तथा रिक्तियों की संख्या के बारे में जानकारी रक्षा मंत्रालय से मिलने के बाद दी जाएगी। अविवाहित महिला उम्मीदवार यूपीएससी की वेबसाइट पर 24 सितंबर से आठ अक्टूबर शाम छह बजे तक आवेदन कर सकती हैं।
वक्तव्य में बताया गया कि इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाली महिला उम्मीदवारों को शुल्क का भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है। यह परीक्षा 14 नवंबर को होगी। उच्चतम न्यायालय ने 18 अगस्त को लैंगिक समानता की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए योग्य महिलाओं को नवंबर में एनडीए की परीक्षा में भाग लेने की अनुमति दी थी।


Download Android App
Download iOS App



