केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि कारों के मूल्यांकन का नया कार्यक्रम ‘भारत एनसीएपी’ एक ऐसी व्यवस्था देता है जिसके तहत भारत में वाहनों को दुर्घटना परीक्षण में उनके प्रदर्शन के आधार पर ‘स्टार रेटिंग’ दी जाएगी।
गडकरी ने इस बारे में कई ट्वीट किए जिनमें कहा कि भारत नया कार मूल्यांकन कार्यक्रम (भारत एनसीएपी) देश में सुरक्षित वाहनों के विनिर्माण के लिए मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) के बीच एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्राहकों को स्टार-रेटिंग के आधार पर सुरक्षित कारों को चुनने का विकल्प देगा और उपभोक्ता-केंद्रित मंच के रूप में काम करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने भारत एनसीएपी (नया कार आकलन कार्यक्रम) शुरू करने के लिए जीएसआर अधिसूचना के मसौदे को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत भारत में वाहनों को दुर्घटना परीक्षण में उनके प्रदर्शन के आधार पर स्टार रेटिंग दी जाएगी।’’
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री गडकरी ने जोर देकर कहा कि क्रैश परीक्षणों के आधार पर भारतीय कारों की स्टार रेटिंग कारों में संरचनात्मक और यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ही नहीं बल्कि भारतीय वाहनों की निर्यात-योग्यता को बढ़ाने के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।


Download Android App
Download iOS App



