नयी दिल्ली : उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू प्रथम विश्व युद्ध की समाप्ति के शताब्दी समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुक्रवार को तीन दिवसीय पेरिस यात्रा पर जायेंगे। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार इस शताब्दी समारोह में 50 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों या शासनाध्यक्षों या उनके प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की संभावना है। रविवार को उपराष्ट्रपति आर्क डि ट्रायोम्फी में प्रथम विश्वयुद्ध समाप्ति के शताब्दी समारोह में हिस्सा लेंगे। उसकी अध्यक्षमता फ्रांसीसी राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों करेंगे।
फ्रांस सरकार के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान नायडू शुक्रवार को भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे और शनिवार को विलर्स गुस्लां में इंडियन वार मेमोरियल का उद्घाटन करेंगे। मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि उपराष्ट्रपति युद्ध समाप्ति समारोह के तौर पर फ्रांस सरकार द्वारा आयोजित पेरिस पीस फोरम के मौके पर कई द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। भारत प्रथम विश्वयुद्ध में सबसे अधिक सैनिक भेजने वाले देशों में एक था।


Download Android App
Download iOS App



