Wrestlers Protest: साक्षी मलिक ने दिया अल्टीमेटम, कहा- ‘जब सारे मुद्दे सुलझेंगे, तभी हम खेलेंगे एशियन गेम्स’

Summary :

पहलवानों के समर्थन में शनिवार को हरियाणा के सोनीपत में महापंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान पहलवान साक्षी मलिक ने कहा, “हम एशियन गेम्स तभी खेलेंगे जब ये सारा मुद्दा सुलझेगा।

पहलवानों के समर्थन में शनिवार को हरियाणा के सोनीपत में महापंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान पहलवान साक्षी मलिक ने कहा, “हम एशियन गेम्स  तभी खेलेंगे जब ये सारा मुद्दा सुलझेगा.” बता दें पहलवान यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण सिंह  की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। 
आपको बता दें महापंचायत में फैसला लिया गया कि सरकार 15 जून तक कोई निर्णय नहीं लेती है तो आगे की रणनीति का ऐलान किया जाएगा। साक्षी मलिक ने कहा, “बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी होनी चाहिए। वो बाहर रहेगा तो डर का माहौल रहेगा।  पहले गिरफ्तार करो, फिर जांच करो। हमें समर्थन मिल रहा है। हम सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं। कुछ फेक खबरें चलाईं जा रही हैं.” 
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी खाप महापंचायत हुई थी
बता दें महापंचायत शुरू होने से पहले पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा, “सरकार के साथ जो बातचीत हम करके आए हैं उसे हम अपने बीच में ही रखेंगे। जो हमारे समर्थन में खड़ी हैं, चाहे वह कोई संगठन हो या खाप पंचायत हो उनके सामने हम यह बातचीत रखेंगे। खिलाड़ी खाप पंचायतों से चर्चा के बाद ही आगे की रणनीति तय करेंगे.” पहलवानों के समर्थन में इससे पहले यूपी के मुजफ्फरनगर और हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी खाप महापंचायत हुई थी। 
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ भी बैठक की थी
दरअसल, पहलवानों ने बीती 7 जून को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ भी बैठक की थी। इस बैठक के बाद पहलवानों ने कहा था कि दिल्ली पुलिस को इस मामले में 15 जून तक चार्जशीट दायर करने को कहा गया है। दिल्ली पुलिस खिलाड़ियों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर वापस लेगी। पहलवानों ने कहा था कि हमने 15 जुलाई तक आंदोलन स्थगित कर दिया है। 

Desk Team