केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने यस बैंक के संकट में खाताधारकों के धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का सोमवार को आश्वासन दिया। उन्होंने साथ में कहा कि कुछ लोग इस संकट पर अपनी राजनीति कर हरे हैं और असत्य फैलाकर देश तथा जनता का नुकसान कर रहे हैं।
ठाकुर ने रायपुर में राज्य के उद्योगपतियों, व्यापारियों और बुध्दिजीवियों के साथ कर संबंधी विषयों एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बात चीत कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कि यस बैंक में हर खाताधारक का पैसा सुरक्षित है। इस मामले में भारतीय रिजर्व बैंक से रिपोर्ट मांगी गई है। ठाकुर ने यह भी कहा कि जमाकर्ताओं के पैसे की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यस बैंक को बचाने के लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीबीआई और ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने बैंक के प्रवर्तक :राणा कपूर: और उनके रिश्तेदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। ठाकुर ने कहा कि इनमें से कुछ सदस्य विदेश जाने की तैयारी में थे। उनको रोक दिया गया है और राणा कपूर को गिरफ्तार किया गया है।
वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक ने भी यस बैंक को संभालने की अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हमने बैंक को बचाने और जमाकर्ताओं की समस्या को हल करने की दिशा में सभी कदम उठाए हैं। केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अपनी राजनीति करने के लिए भय का वातावरण निर्मित कर रहे है और असत्य बोल रहे हैं। इससे वह देश और देश के लोगों का नुकसान कर रहे हैं। इससे पहले रायपुर के विमानतल पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि मोदी सरकार में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ठाकुर ने कहा कि यस बैंक के मुद्दे पर बहुत कुछ सामने आना बाकी है, हमने आरबीआई से इस संबंध में विवरण मांगा है।जीएसटी संग्रह पर छत्तीसगढ़ और केंद्र के बीच कथित टकराव के एक सवाल पर ठाकुर ने कहा कि संघीय ढांचे में सहकारी संघवाद और प्रतिस्पर्धी संघवाद एक साथ चलता है। प्रत्येक राज्य अपने विकास के लिए अधिक निवेश आकर्षित करने की कोशिश करता है। केंद्र राज्यों को जीएसटी संग्रह का हिस्सा आवंटित कर रहा है। यदि राज्य का हिस्सा लंबित होगा तो उसे दो किस्तों में भुगतान किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



