गैस की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला है। कांग्रेस की युवा इकाई ने शुक्रवार को पेट्रोलियम मंत्रालय के दफ्तर के बाहर चूल्हे पर रोटियां सेंककर प्रदर्शन किया। भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी की अगुवाई में शास्त्री भवन के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन में संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं गैस सिलेंडर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस मौके पर श्रीनिवास ने कहा, ‘‘विपक्ष में रहते हुए स्मृति ईरानी और भाजपा के दूसरे नेता रसोई गैस की कीमत में मामूली बढ़ोतरी होने पर गैस सिलेंडर लेकर सड़क पर बैठ जाते थे, लेकिन अब 150 रुपये की बढ़ोतरी हो गई तो ये लोग कुछ नहीं बोल रहे। इन लोगों को देश की जनता ढूंढ रही है।’’
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘दिल्ली चुनाव से पहले भाजपा के लोग गोली मारने और करंट लगाने की बात करते थे। अब इन्होंने गृहणियों के बजट पर करंट लगा दिया और महंगाई की मार झेल रही जनता की उम्मीदों पर गोली मार दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि सरकार को तुरंत बढ़े हुए दाम वापस लेने चाहिए।’’ दरअसल, रसोई गैस की कीमतों में बुधवार को 144.5 रुपये प्रति सिलेंडर की भारी-भरकम वृद्धि की गयी। सरकारी पेट्रोलियम विपणन कंपनियों ने एक अधिसूचना में इसकी जानकारी दी।
सरकार ने रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी बढ़ाकर लगभग दोगुनी कर दी है। इससे सब्सिडी वाले सिलेंडर के उपभोक्ताओं पर अधिक बोझ नहीं पड़ेगा। कंपनियों ने कहा कि एलपीजी सिलेंडर की कीमत पहले के 714 रुपये से बढ़ाकर 858.50 रुपये कर दी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



