ऑनलाइन गेम खेलने के लिए मां ने किया मना तो 10 वर्षीय बच्चे ने लगा ली फांसी

Summary :

सोमवार की शाम को एक दहलाने वाली घटना सामने आई है। ऑनलाइन गेम खेलने की लत के शिकार 10 वर्ष के बच्चे ने आत्महत्या कर ली।

सोमवार की शाम को एक दहलाने वाली घटना सामने आई है। ऑनलाइन गेम खेलने की लत के शिकार 10 वर्ष के बच्चे ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि बच्चा ऑनलाइन गेम खेलता था, जिस पर मां ने रोक लगाने की कोशिश की और बच्चे से मोबाइल छीन लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
यह घटना सोमवार देर शाम हुसैनगंज क्षेत्र के चितवापुर में हुई। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिनों से लड़के ने स्कूल जाना बंद कर दिया था। वह घर पर रहता था और फोन पर गेम खेलता था। घरवालों ने उसको कई बार रोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की नहीं सुनता था।
अपनी बहन को कमरे से बाहर भेज दिया
सोमवार को गेम खेलने को लेकर लड़के की मां ने उसे डांटा और फोन छीन लिया। इसके बाद लड़के ने अपनी बहन को कमरे से बाहर भेज दिया और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे दरवाजा खोलने के लिए कहा, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो उसे फंदे पर लटका पाया। डीसीपी सेंट्रल जोन अपर्णा रजत ने कहा, मां ने अब तक कोई बयान नहीं दिया है। आगे की जांच की जा रही है।

Desk Team