उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में रविवार को एक श्मशान घाट पर छत ढह जाने से 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 20 अन्य घायल हो गये। ये सभी लोग एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जब छत ढही, तो बारिश से बचने के लिए कई लोग इमारत के नीचे खड़े थे।
इनमें से अधिकतर लोग जयराम के रिश्तेदार थे, जिनका उस वक्त वहां अंतिम संस्कार हो रहा था। बचावकर्मी यह सुनिश्चित करने के लिए घंटों तक मलबा हटाते रहे कि कहीं कोई और उसमें न फंसा हो। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम मुरादनगर के उखलारसी भेजी गयी है, जहां यह हादसा हुआ।
अधिकारियों ने रविवार शाम को बताया कि इस घटना में 23 लोगों की मौत होने के अलावा 20 अन्य को घायल अवस्था में विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों की संख्या अधिक हो सकती है, क्योंकि कुछ अन्य को उनके रिश्तेदार घटनास्थल से ले गये।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन के लिए दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने मेरठ के संभागीय आयुक्त और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (क्षेत्र) को इस घटना के बारे में रिपोर्ट देने का भी निर्देश दिया है। केंद्रीय मंत्री और गाजियाबाद के सांसद वी के सिंह तथा पुलिस एवं नागरिक प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय भाजपा विधायक अतुल गर्ग ने यहां सरकारी अस्पताल में कुछ घायलों से मुलाकात की।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्मशान घाट हादसे पर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर से अत्यंत दुख पहुंचा है।
उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर से अत्यंत दुख पहुंचा है। राज्य सरकार राहत और बचाव कार्य में तत्परता से जुटी है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
— Narendra Modi (@narendramodi) January 3, 2021
राज्य सरकार राहत और बचाव कार्य में तत्परता से जुटी है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’ राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, ‘मुरादनगर, गाजियाबाद स्थित श्मशान में छत गिरने की घटना अत्यंत दुखद है।
मृतकों के परिवार जन को मेरी शोक संवेदनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस दुर्घटना में आहत लोग शीघ्र ही स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन राहत और सहायता हेतु कार्यरत है।’


Download Android App
Download iOS App



