उत्तर प्रदेश के आगरा में बृहस्पतिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के दौरान विकास खंड फतेहाबाद के ग्राम पंचायत रिहावली की बूथ संख्या-10 पर मारपीट होने के बाद एक पक्ष के लोग मौके से दो मतपेटी लूटकर ले गए। इस मामले में 26 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
घटना की जानकारी से तहसील तथा आगरा जनपद के पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह, एसएसपी मुनिराज भी दोपहर बाद मौके पर पहुंच गए। आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि ग्राम रिहावली में बूथ संख्या-10 पर कुछ शरारती तत्वों ने पोलिंग बूथ से मतपेटियां लूट ली हैं।
ऐसे में मतदान रद्द करने की संस्तुति की जाती है।इस बीच, पुलिस घर-घर तलाशी लेकर मतपेटियों की तलाश कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मुनिराज ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान रिहावली में मतपेटी को लूटने के आरोप में अब तक कुल 26 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुनिराज के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 26 लोगों के खिलाफ डकैती व एनएसए के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



