उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पिछले चार दिनों में डेंगू के 61 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार से लेकर बुधवार तक ये मामले सामने आए हैं और शहर में जनवरी से लेकर अब तक इस रोग के रोगियों की संख्या 811 हो गई है। उत्तर प्रदेश में किसी भी शहर के लिए ये आंकड़े सर्वाधिक हैं। लखनऊ में डेंगू के सबसे अधिक मरीज इंदिरा नगर इलाके में पाए गए हैं। वेक्टर जनित रोग के संयुक्त निदेशक विकास सिंघल ने कहा है कि राज्य में जनवरी से डेंगू के 4,000 मामले सामने आए हैं।
इनमें से सबसे अधिक लखनऊ से हैं जिसके बाद कानपुर (700) और इलाहाबाद (325) हैं। जुलाई से मानसून के मौसम में 90 प्रतिशत से अधिक मामले सामने आए हैं। सिंघल ने कहा कि नवंबर के तीसरे सप्ताह से इसके मामले घटने की उम्मीद की जा रही है जब अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाएगा। तब तक, लोगों को सावधानी बरतनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग पहले से ही बड़े पैमाने पर मच्छरों को रोकने संबंधी प्रयास कर रहे हैं।
इस बीमारी से अब तक लखनऊ में चार और उन्नाव तथा बाराबांकी में एक-एक व्यक्ति समेत कुल छह लोगों की मौत हो चुकी है। विशेषज्ञों के अनुसार, विशेष रूप से लखनऊ और कानपुर में मामलों की संख्या सबसे अधिक है क्योंकि इलाज संबंधित सुविधाओं के चलते आसपास के जिलों से मरीजों की आवाजाही यहीं होती है।


Download Android App
Download iOS App



