Ghaziabad कांस्टेबल मौत मामले में 9 और आरोपी गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारी हुई 14

Summary :

मसूरी क्षेत्र में पुलिस पर हमला: कुल 14 गिरफ्तार

गाजियाबाद कांस्टेबल मौत मामले में पुलिस ने 9 और आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या 14 हो गई। घटना 25 मई की रात की है, जब पुलिस पर पथराव और फायरिंग हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा और मामले में कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र में पुलिस टीम पर पथराव और फायरिंग करने वाले आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में बुधवार को 9 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 14 हो चुकी है।

घटना 25 मई की रात करीब 11 बजे की है, जब नोएडा कमिश्नरेट के थाना फेस-3 से उपनिरीक्षक सचिन राठी अपनी टीम के साथ गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र स्थित ग्राम नाहल में वांछित अभियुक्त कादिर पुत्र खुर्शेद उर्फ खुर्शीद को पकड़ने पहुंचे थे। कादिर को दबोचने के दौरान वहां भीड़ एकत्र हो गई और अचानक पुलिस पर पथराव और फायरिंग शुरू कर दी गई। इस हमले में कांस्टेबल सौरभ के सिर में गोली लग गई और कांस्टेबल सोनित भी घायल हो गए।

Ghaziabad कांस्टेबल मौत मामले में 9 और आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। पहले चरण में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद मसूरी पुलिस ने 8 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है, जिनमें जावेद पुत्र शमशाद, मुरसलीन पुत्र चांद, इनाम पुत्र शमशाद, महताब पुत्र बहाव, मेहराज पुत्र जमशेद, जावेद पुत्र अब्बास, हसीन पुत्र युनुस और मुरसलीम पुत्र हसरत शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, एक आरोपी अब्दुल रहमान पुत्र मुजम्मिल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी ग्राम नाहल और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 25 मई की रात को पुलिस पर जानलेवा हमला किया था, ताकि कादिर को छुड़ाया जा सके। पुलिस द्वारा अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हो जाइए टेंशन फ्री! अब घर बैठे प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराएं ऑनलाइन, जानें डिटेल्स

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.