अतीक की कब्र के पास दफन किया जाएगा बेटा अबान अहमद, आखिरी विदाई में शामिल नहीं होंगे भाई अली और उमर

Summary :

माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का गुरुवार को एक सड़क हादसे में निधन हो गया। वह अपने बड़े भाई अली से जेल में मिलने जा रहा था। उन्हें शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के बाद कसारी-मसारी स्थित उसी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा,

अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने बड़े भाई अली से जेल में मिलने के लिए जा रहा था। सूत्रों ने बताया कि अबान को कसारी-मसारी स्थित उसी कब्रिस्तान में दफ़न किया जाएगा, जहां पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद को दफन किया गया था।

जुम्मे की नमाज के बाद किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक

अबान अहमद और दोस्त सोनू की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। झांसी में दोनों के पोस्टमार्टम के बाद उन्हें एंबुलेंस से प्रयागराज पहुंचाया। फ़िलहाल अबान का शव हटवा में उनकी बुआ के घर पर रखा गया है। शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के बाद अबान के शव को कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

जनाजे से पहले प्रशासन अलर्ट मोड में

अतीक अहमद की कब्र के पास ही अबान की कब्र खोद ली गई है। देर रात को कब्र खोदने का काम चल रहा था। वहां पर पूरी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। शव को एंबुलेंस से कब्रिस्तान लाया जा सकता है, ताकि अंतिम यात्रा में ज्यादा भीड़ न जुट सके। उम्मीद लगाई जा रही है कि जनाजे की नमाज इसी कब्रिस्तान में स्थित मस्जिद में पढ़ाई जा सकती है।

अबान की अंतिम विदाई में शामिल नहीं होंगे अली और उमर

Abaan Ahmed Funeral
Ali Ahmed and Umar Ahmed (Image- Social Media)

छोटे भाई अबान अहमद की अंतिम विदाई में बड़े भाई अली और उमर शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्हें अंतरिम जमानत अथवा पैरोल नहीं मिल सकी। अबान झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था, तभी सड़क हादसे में उसी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसने बड़े भाई के लिए इश्क-मोहब्बत वाली दो नॉवेल भी खरीदी थी। जब छोटे भाई की मौत की खबर अली को लगी, तो वह फफक-फफककर रोने लगा। वह अबान से बहुत प्यार करता था और अबान ने भी 10 महीने में बड़े भाई से 49 बार जेल में मुलाकात की थी।

कभी प्रयागराज में जिस परिवार की तूती बोलती थी, आज उसका कुनबा लगभग खत्म हो गया है। अतीक अहमद और दो बेटों की मौत हो गई, 2 जेल में बंद है, बीवी और 1 बेटा फरार है।

Also Read: Atiq Ahmed के परिवार का कैसे हुआ खात्मा? 2 बेटों की मौत, 2 जेल में बंद, पत्नी फरार, जानें पूरी टाइमलाइन

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।