भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के सिलसिले में गायक समर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अभिनेत्री के संदिग्ध हालत में होटल के एक कमरे में मृत पाए जाने के बाद गायक समर सिंह और एक अन्य के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस और वाराणसी के उनके समकक्षों ने एक संयुक्त अभियान के तहत बृहस्पतिवार रात गायक को गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त (गाजियाबाद शहर) निपुण अग्रवाल ने कहा , ‘‘ वाराणसी आयुक्तालय के सारनाथ थाने का एक दल बृहस्पतिवार देर रात गाजियाबाद पहुंचा। उन्होंने समर सिंह को चार्म्स कैसल से पकड़ने में गाजियाबाद पुलिस की मदद मांगी।’’
पुलिस उपायुक्त ने शुक्रवार सुबह कहा , ‘‘ आरोपी को गाजियाबाद अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है। वाराणसी पुलिस ने उसके ट्रांजिट रिमांड का अनुरोध किया है।’’ गौरतलब है कि भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे गत 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में मृत मिली थीं। आकांक्षा भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर की निवासी थीं।


Download Android App
Download iOS App



