आकाश आनंद की BSP में वापसी, मायावती ने फिर सौंपा राष्ट्रीय संयोजक का पद, अनुशासन के साथ दी नई जिम्मेदारी

Summary :

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि पिछले कुछ समय में आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव दिखा है। हाल ही में आकाश द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट ने भी इस परिपक्वता की पुष्टि की है।

BSP

BSP : बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को बड़ा फैसला लेते हुए अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त कर दिया है। संगठन में वापसी के बाद उन्हें पूर्व की महत्वपूर्ण भूमिका में सक्रिय रहने का मौका दिया गया है। बीएसपी अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी और बहुजन आंदोलन के व्यापक हित को ध्यान में रखकर ही यह कदम उठाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब संगठन में बार-बार फेरबदल की जरूरत नहीं पड़ेगी।

‘X’ पोस्ट और आचरण में बदलाव के बाद लिया फैसला

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि पिछले कुछ समय में आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव दिखा है। हाल ही में आकाश द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट ने भी इस परिपक्वता की पुष्टि की है।

पार्टी के अधिकतर कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों की राय थी कि आकाश के निवेदन को स्वीकार कर उन्हें फिर से जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए। इस निर्णय पर आकाश के पिता आनंद कुमार और उनके छोटे भाई ईशान आनंद ने भी अपनी पूर्ण सहमति जताई है। ईशान आनंद ने बिना किसी पद के भी मिशनरी भावना से काम करने की घोषणा की है।

पारिवारिक मोह से ऊपर बहुजन हित

बसपा प्रमुख ने साफ किया कि संगठन में अनुशासन बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज ही उनका असली परिवार है और उसके हित के लिए लिए गए फैसलों में उनके अपने रिश्तेदार भी अपवाद नहीं रहे हैं। मायावती ने स्पष्ट किया कि आगे की जिम्मेदारी काफी हद तक आकाश के आचरण और परफॉर्मेंस पर निर्भर करेगी।

बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के संघर्षों से प्रेरणा लेकर बसपा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सर्वसमाज को साथ लेकर तैयारी कर रही है। मायावती ने आकाश आनंद, ईशान आनंद और आनंद कुमार को अपना आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

यह भी पढ़ें – पीएम आवास योजना में यूपी का डंका, देश में मिला पहला स्थान

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।