अखिलेश का तंज – BJP की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर, कहते है कुछ और करते है उल्टा

Summary :

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्‍तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि ”भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है।”

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्‍तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि ”भाजपा की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है, उसके नेता जो कहते हैं, वे उसे करते नहीं हैं बल्कि जो कहते हैं उसका उल्टा ही करते हैं।” 
मंगलवार को यहां जारी एक बयान में यादव ने कहा , ”भाजपा के सभी वादे सत्‍य की कसौटी पर झूठे ही निकले हैं और आठ महीने में घरेलू रसोई गैस की कीमत में 190 रूपये की वृद्धि हो गई है, जनकल्याण की यही भाजपाई कहानी है।” 
उन्‍होंने कहा, ”भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का सपना दिखाया, लोग उसके भ्रम में जीने लगें लेकिन किसी भी किसान की आय दोगुनी नहीं हुई, बल्कि उस कर्ज बढ़ गया, मंहगाई बढ़ गई।” यादव ने आरोप लगाया कि जलशक्ति और नदी सफाई के नाम पर हजारों करोड़ों खर्च करने वाली भाजपा ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। 
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया, ”गौ संरक्षण के नाम पर सियासत करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में गोवंश की बदहाली जारी है, गाय भूख-बीमारी से मर रही हैं और उनकी अकाल मृत्यु के दुःखद समाचार मिलते रहते है।” उन्‍होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार या राज्‍य सरकार दोनों ने जनसामान्य को तकलीफ देने के अलावा कुछ नहीं दिया है। 

Ujjwal Jain