समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के दौर में स्वास्थ्य सेवाओं पर गहराये संकट के लिए सत्तारूढ़ भाजपा की मानसिकता और सपा की पिछली सरकार के कार्यों के प्रति विद्वेष की भावना को जिम्मेदार ठहराया। अखिलेश ने बृहस्पतिवार को एक बयान में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता से कोरोना महामारी का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया, “आज जो संकट गहराया है, उसके पीछे भाजपा सरकार की घटिया मानसिकता और समाजवादी पार्टी के कामों के प्रति विद्वेष भावना भी जिम्मेदार है। जो एम्बुलेंस सेवा, स्वास्थ्य सेवाएं, नए अस्पताल आदि की व्यवस्था समाजवादी पार्टी की सरकार में हुई थी, भाजपा की सरकार बनते ही उनको बर्बाद करने का काम शुरू किया गया। भाजपा ने गरीबों, मरीजों की तरफ नहीं देखा बल्कि वह सिर्फ सत्ता के लिए चुनाव जिताने-हराने में ही लगी रही है।”
अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा, “मुख्यमंत्री जी बाहर बड़ी-बड़ी डींगे मारते रहे, प्रदेश में तो बस हर तरफ जान बचाओ की गुहार है पर कोई सुनने वाला नहीं। कोरोना के अलावा अन्य गम्भीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को भी इलाज नहीं मिल रहा है। अस्पतालों में बिस्तर, दवाइयों की कमी है। हर तरफ अव्यवस्था है और सत्ता सरंक्षित लोग आपदा को अवसर बना जेब भरने में लगे हैं।”


Download Android App
Download iOS App



