समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज से विधानसभा चुनाव 2022 के लिए विजय यात्रा निकाल कर आगाज करने जा रहे हैं। कानपुर से शुरू होने जा रही विजय रथयात्रा लेकर अखिलेश यादव घाटमपुर होते हुए बुंदेलखंड के जनपदों में भ्रमण करेंगे और जनता के बीच अपनी उपलबियों के साथ भाजपा सरकार की खामियां बताएंगे। सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि यात्रा कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन और हमीरपुर में रहेगी।
उन्होंने बताया कि पहली सभा घाटमपुर में नेयवेली लिग्नाइट के पास होगी। यह योजना अखिलेश सरकार की है। सपा मुखिया अखिलेश यादव की विजय यात्रा जाजमऊ से शुरू होकर चार जिलों में घूमते हुए कानपुर देहात में समाप्त होगी। दो दिन में यात्रा करीब 190 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम घाटमपुर और हमीरपुर में बैठक करके तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। मंगलवार सुबह से कानपुर के जाजमऊ गंगा तट से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की विजय रथयात्रा को लेकर सपाई पहुंचने लगे हैं।
यात्रा शुभारंभ स्थल पर सपाइयों की भीड़ एकत्र है, अखिलेश के आते ही यात्रा की शुरुआत होगी। यहां से घाटमपुर होते हुए हमीरपुर पहुंचेंगे। इसके बाद 13 अक्टूबर को हमीरपुर से जालौन होते हुए यात्रा कानपुर देहात पहुंचेगी। घाटमपुर में नेयवेली पावर प्लांट के पास रामपुर मोड़ पर जनसभा का आयोजन होगा, जहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे। इसके बाद हमीरपुर में पार्टी कार्यालय व कुरारा में जनसभा होगी।


Download Android App
Download iOS App



