उत्तर प्रदेश के महोबा में शराबी पति ने पत्नी से झगड़े के बाद नशे में अपने दो बेटों की गाला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जब भागने लगा तो ग्रामीणों ने उसको पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महोबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि परापांतर गांव में शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे शराब के नशे में धुत हरनारायण (32) नामक व्यक्ति ने खेत में खेल रहे अपने बेटों आशीष (आठ) और आर्यन (पांच) की गमछे से गला घोटकर हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे हरनारायण को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है। एसपी ने ग्रामीणों के हवाले से बताया कि हरनारायण की पत्नी रीना खेत में तिल की फसल काट रही थी, तभी शराब के नशे में हरनारायण वहां पहुंचा और जल्दी घर न चलने पर उससे झगड़ा करने लगा।
इसके बाद उसने दोनों बच्चों को पहाड़ी में ले जाकर उनका गला घोंट दिया। उन्होंने बताया कि “दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिए गए हैं और हिरासत में लिए गए हरनारायण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”


Download Android App
Download iOS App



