भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के गृहमंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर एक बार फिर से प्रदेश के मैराथन दौरे पर जा रहे हैं। अमित शाह के उत्तर प्रदेश के दौरे के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शाह की कोशिश 403 विधानसभा सीटों को कवर
आईएएनएस को मिली जानकारी के अनुसार, शाह जनवरी के तीसरे सप्ताह में 23 जनवरी के बाद उत्तर प्रदेश का मैराथन दौरा करेंगे। यूपी के दौरे के दौरान शाह की कोशिश होगी कि वह प्रदेश के सभी 403 विधानसभा सीटों को कवर कर सकें। रैलियों और चुनावी कार्यक्रमों के साथ-साथ शाह पार्टी संगठन के नेताओं के साथ भी बैठक कर चुनावी हालात का जायजा लेंगे और उसी अनुसार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जरूरी निर्देश भी देंगे।
दिशा-निर्देशों का भी पूरी तरह से पालन किया जाएगा
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह के कार्यक्रम को तय करते समय चुनाव आयोग द्वारा कोविड-19 को लेकर जारी किए गए नियमों और दिशा-निर्देशों का भी पूरी तरह से पालन किया जाएगा, इसलिए जरूरत पड़ने पर शाह की वर्चुअल रैलियों, बैठकों और अन्य चुनावी कार्यक्रमों की तैयारियां भी की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश के दौरे के दौरान शाह जाट नेताओं समेत प्रदेश के कई अन्य प्रभावशाली तबके के नेताओं के साथ भी मुलाकात कर सकते हैं।
भाजपा शनिवार को 107 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर चुकी
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा की सभी 403 सीटों के लिए प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव होना है। प्रदेश में 10, 14, 20, 23 और 27 फरवरी के अलावा 3 और 7 मार्च को भी मतदान होगा। 10 मार्च को उत्तर प्रदेश समेत सभी पांच चुनावी राज्यों में मतगणना होगी। इस चुनाव के लिए भाजपा शनिवार को 107 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



