Amroha Gangrape Case: अमरोहा में शर्मनाक वारदात! दारोगा-सिपाही और CRPF जवान समेत 4 लोगों ने युवती से किया गैंगरेप

Summary :

Amroha Gangrape Case: अमरोहा के हसनपुर में 23 वर्षीय युवती से कथित गैंगरेप के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें CRPF इंस्पेक्टर, दो हेड कॉन्स्टेबल और यूपी पुलिस का सब इंस्पेक्टर शामिल हैं। घटना फार्म हाउस में हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है।

Amroha Gangrape Case: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल,  हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक फार्म हाउस में 23 वर्षीय युवती से  गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया है।  पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में CRPF का एक इंस्पेक्टर, एक हेड कॉन्स्टेबल, हसनपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर और एक हेड कॉन्स्टेबल शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  पुलिस ने बताया कि  यह मामला 22 और 23 सितंबर की रात का है। युवती को हसनपुर इलाके के झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस में ले जाया गया था। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, यहां दो कमरे किराये पर लिए गए थे। बाद में एक अन्य पुलिसकर्मी खाना लेकर फार्म हाउस पहुंचा। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि फार्म हाउस में उसके साथ जबरदस्ती की गई और चार लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता पहले से आरोपियों को जानती थी

अमरोहा के SP लखन सिंह यादव के अनुसार, पीड़िता पहले से CRPF के हेड कॉन्स्टेबल मोहित उर्फ विक्की और इंस्पेक्टर लालाराम यादव को जानती थी।  युवती की मुलाकात मोहित से हरियाणा के सोनीपत में हुई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 22 सितंबर को युवती मोहित और लालाराम के साथ अमरोहा के हसनपुर पहुंची थी। यहां मोहित की मुलाकात अपने पुराने परिचित और हसनपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी लोग फार्म हाउस पहुंचे।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि कुछ समय बाद हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद भी खाना लेकर फार्म हाउस पहुंचा था। इसी दौरान युवती के साथ  जबरदस्ती की गई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर हसनपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना देर रात या तड़के मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले युवती को सुरक्षित किया। इसके बाद उसकी शिकायत और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

चारों आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

  • पुलिस ने जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान CRPF हेड कॉन्स्टेबल विक्की उर्फ मोहित, CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव, सब इंस्पेक्टर संजय तोमर और हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद के रूप में हुई है।
  • पुलिस के मुताबिक, मोहित CRPF की पांचवीं बटालियन दिल्ली में तैनात है।
  • वहीं लालाराम यादव 156वीं बटालियन न्यू बोगाईगांव, असम में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात बताया गया है।
  • संजय तोमर हसनपुर थाने में सब इंस्पेक्टर हैं, जबकि प्रमोद की तैनाती पुलिस लाइन में बताई गई है।

पुलिस जांच में जुटी

एसपी लखन सिंह यादव के अनुसार,  युवती ने चारों लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पुलिस अब पीड़िता के बयान, घटनास्थल और दूसरे उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फार्म हाउस में उस रात क्या हुआ और आरोपियों की इसमें क्या भूमिका थी।

एसपी के मुताबिक, जांच में जिस आरोपी की जो भूमिका सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और उन्हें कोर्ट के सामने पेश कर रिमांड की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: एटा में डबल मर्डर: घरलू कलह के चलते पति ने पत्नी और सास पर बरसाया ताबड़तोड़ हथौड़ा, जांच में जुटी पुलिस

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।