अलीगढ़ : कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने आगामी प्रवेश परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की यह परीक्षाएं 31 मार्च तक आयोजित होने वाली थी। हालांकि विभिन्न पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत होंगी।
एएमयू प्रशासन द्वारा मंगलवार को जारी निर्देशों के मुताबिक विश्वविद्यालय से सम्बद्ध विभिन्न स्कूलों में दाखिले के लिये आगामी 22 और 29 मार्च को होने वाली परीक्षाएं अब ‘नये कार्यक्रम’ के मुताबिक होंगी। इस आशय की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। दोनों प्रवेश परीक्षाओं में 25 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को शामिल होना था।
एएमयू के प्रवक्ता प्रोफेसर शाफे किदवई ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में एएमयू में समस्त शिक्षण कार्य 31 मार्च तक बंद कर दिया है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो सप्ताह में विदेश से लौटे एएमयू के शिक्षकों और छात्रों समेत करीब 12 लोगों को अगले दो सप्ताह तक अपने-अपने घरों में सभी से पृथक रहने की हिदायत दी गयी है। इस श्रेणी में आने वाले शिक्षण स्टाफ के सदस्यों को घर में रहने को कहा गया है और उन्हें सवेतन अवकाश दिया जाएगा। किदवई ने बताया कि यह निर्देश केरल, पश्चिम बंगाल और बिहार में स्थित एएमयू के केन्द्रों के लिये भी लागू होंगे।


Download Android App
Download iOS App



