Ankit Baliyan Murder Case: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या से अफरा- तफरी मच गई है। बता दें कि 32 वर्षीय अंकित बुधवार शाम जिम से बाहर निकले ही थे कि बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाईं। अंकित के सिर और पेट में कई गोलियां लगीं। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें जिम के बाहर दो बाइक पर चार संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी बीच सोशल मीडिया पर ‘गोगी ग्रुप’ से जुड़े एक व्यक्ति ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अंकित रोज की तरह बुधवार शाम आर्यपुरी नाला पटरी के पास स्थित जिम गए थे। करीब शाम 7 बजे वह जिम से बाहर निकले और अपनी स्कॉर्पियो के पास पहुंचे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि अंकित ने बचने के लिए स्कॉर्पियो में बैठने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने गाड़ी का गेट खोलकर बेहद करीब से फायरिंग की। गोलियां गाड़ी के शीशे में भी लगीं। हमले के बाद अंकित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
‘गोगी ग्रुप’ ने ली जिम्मेदारी का दावा
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, चारों आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से आए थे। घटना के बाद वे मौके से फरार हो गए। पुलिस को शक है कि वारदात में हरियाणा के शूटर शामिल हो सकते हैं। CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अंकित के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, कथित धमकी और सुपारी सहित कई पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में STF समेत कई टीमें लगाई गई हैं। हरियाणा के पानीपत में भी पुलिस टीमों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर ‘गोगी ग्रुप’ के नाम से एक पोस्ट सामने आई। सोनीपत निवासी भोलू शाहपुरिया नाम के व्यक्ति ने पोस्ट में अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि अंकित उनके विरोधियों का समर्थन करते थे और गोगी गैंग से जुड़े एक पुराने मामले पर उन्होंने गाना बनाया था। इसका सका अंजाम इसको मिल गया। जो भी हमारे दुश्मनों का साथ देगा, उन सबका यही हाल होगा। यह तो शुरुआत है। पुलिस इस पोस्ट की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पोस्ट करने वाला व्यक्ति वास्तव में हत्या से जुड़ा है या नहीं।
हत्या से एक घंटे पहले शेयर किया था गाना
अंकित ने हत्या से करीब एक घंटे पहले शाम 6 बजे इंस्टाग्राम पर अपना नया गाना शेयर किया था। वीडियो में वह कार में बैठकर ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ गाते दिखाई दिए थे। अंकित पहले भी गन कल्चर से जुड़े गाने बनाते रहे थे।उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी चर्चित हुआ था। यह गाना फरवरी 2023 में रिलीज हुआ था और बाद में इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसी के बाद अंकित हरियाणवी संगीत की दुनिया में ज्यादा पहचान बनाने लगे।
अंकित शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। उनके पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं, जबकि मां अमरेश गृहिणी हैं। अंकित दो भाइयों में बड़े थे और शादीशुदा थे। हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर जाम लगा दिया। बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सुरक्षा के मद्देनजर अंकित के घर के बाहर करीब 30 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
नरेश टिकैत ने परिजनों से की मुलाकात
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत भी गुरुवार को अंकित के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। टिकैत ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। अंकित बालियान 2023 में शामली में निकाले गए एक रोड शो को लेकर भी चर्चा में आए थे। 27 जुलाई को लिलौन बाईपास पर उनके स्वागत के बाद वाहनों और बाइकों के साथ जुलूस निकाला गया था। पुलिस के मुताबिक, इस आयोजन के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। मामले में अंकित समेत 40 से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी।
पुलिस अब उनके पुराने विवादों और कथित धमकियों की भी जानकारी जुटा रही है। करीब छह महीने पहले रोहतक में एक अन्य गायक से उनके विवाद की बात भी सामने आई है। जांच एजेंसियां यह पता कर रही हैं कि इस विवाद का हत्या से कोई संबंध है या नहीं।
कैसे बने सिंगर?
अंकित ने अपने करियर में 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में काम किया था। ‘गोली-गोली के बारूद’, ‘एक खटोला जेल के भीतर’, ‘मोदी बड़ा गांव’ और ‘रुतबा जाट और जाटनी’ जैसे गानों से उन्होंने अपनी पहचान बनाई। परिवार के मुताबिक, अंकित इन दिनों 20 से ज्यादा नए गानों पर काम कर रहे थे और जल्द ही उनकी शूटिंग होनी थी। वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। उनका सपना आगे चलकर बॉलीवुड फिल्मों के लिए गाने का था।
गायकी में आने से पहले अंकित कबड्डी खेलते थे। उनके भाई के मुताबिक, वह 2013-14 तक प्रदेश स्तर पर कबड्डी खेल चुके थे और दिल्ली तथा भोपाल समेत कई जगह प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। पैर में फ्रैक्चर के बाद उन्हें खेल छोड़ना पड़ा। इसके बाद उन्होंने जिम शुरू किया और करीब 2022 में हरियाणवी संगीत की दुनिया में कदम रखा। कुछ ही समय में उन्होंने अपनी अलग पहचान बना ली। अब पुलिस उनकी हत्या के पीछे की असली वजह और हमलावरों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित सुरागों की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




