UP : शाहजहांपुर में प्रदर्शन कर रहीं आशा वर्कर्स की पुलिस के साथ झड़प, प्रियंका ने BJP पर बोला हमला

Summary :

शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने पहुंची आशा वर्कर्स की पुलिस के साथ झड़प हुई। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मियों ने आशा वर्कर्स के साथ मारपीट की।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मंगलवार को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने पहुंची आशा वर्कर्स की पुलिस के साथ झड़प हुई। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मियों ने आशा वर्कर्स की पिटाई भी की। मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने  प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, सरकार द्वारा आशा बहनों पर किया गया एक-एक वार उनके द्वारा किए गए कार्यों का अपमान है।
प्रियंका गांधी ने इस कथित घटना एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आशा बहनों पर किया गया एक-एक वार उनके द्वारा किए गए कार्यों का अपमान है। मेरी आशा बहनों ने कोरोना में और अन्य मौकों पर पूरी लगन से अपनी सेवाएं दीं। मानदेय उनका हक है। उनकी बात सुनना सरकार का कर्तव्य है।’’


प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘आशा बहन सम्मान की हकदार हैं और मैं इस लड़ाई में उनके साथ हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी आशा बहनों के मानदेय के हक और उनके सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है और सरकार बनने पर आशा बहनों एवं आंगनबाड़ी कर्मियों को 10,000 रुपये प्रतिमाह का मानदेय देगी।’’

Desk Team