यूपी के प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी बनाए जाने के बाद पूर्व सांसद अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर घटना की सीबीआई जांच की मांग की है। पत्र में, परवीन ने दावा किया कि उसका और उसके परिवार का हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। जांच से सभी शक दूर हो जाएंगे। हत्या के मामले में अतीक अहमद और भाई अशरफ, उनके दो बेटों और पत्नी शाइस्ता परवीन को आरोपी बनाया गया है।

परवीन ने सीएम योगी को लिखा पत्र
परवीन ने पत्र को मुख्यमंत्री के पोर्टल पर भी अपलोड किया है। इस बीच, अतीक के वकील खान सौलत हनीफ ने दावा किया है कि पूर्व सांसद के दो बेटों की जान को खतरा है, इस चिंता को परवीन ने अपने पत्र में भी उजागर किया है। अतीक के दोनों बेटों को पुलिस हिरासत में रखा गया है। हनीफ ने आगे कहा कि पुलिस जेल में बंद अतीक और उसके भाई अशरफ को मारने की साजिश कर रही है।

शाइस्ता ने कोर्ट जाने की कहीं बात
शाइस्ता ने कहा है कि वह अपने परिवार की सुरक्षा के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी। हाल ही में शाइस्ता बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हुई हैं। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक पूजा पाल, जिनके पति राजू पाल की कथित तौर पर 2005 में अतीक अहमद के भाई अशरफ ने हत्या कर दी थी, ने योगी को पत्र लिखकर अपने लिए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उमेश पाल राजू पाल हत्याकांड में मुख्य गवाह था और उसकी गवाही मामले के लिए महत्वपूर्ण थी। पूजा पाल ने उमेश पाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अब अपनी जान का खतरा है।


Download Android App
Download iOS App



