टिकैत समेत SKM के बड़े नेता BJP के खिलाफ करेंगे प्रचार, जानें मतदान से पहले किन जिलों का करेंगे दौरा

Summary :

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तहत मतदान से पहले किसान नेता राकेश टिकैत और संयुक्त एसकेएम के अन्य नेता इन जिलों का दौरा करेंगे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तहत प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी में होने वाले मतदान से पहले किसान नेता राकेश टिकैत और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के अन्य नेता इन जिलों का दौरा करेंगे। टिकैत एसकेएम के घटक भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रवक्ता हैं। एसकेएम कई किसान संगठनों का साझा मंच है जिसने केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चले किसानों के आंदोलन का नेतृत्व किया था।
जानें क्या है पूरा टाइम टेबल 
भाकियू के प्रवक्ता सौरभ उपाध्याय ने बताया कि एसकेएम 23 फरवरी को प्रयागराज में, 28 फरवरी को गोरखपुर में और दो मार्च को वाराणसी में संवाददाता सम्मेलन करेगा। उपाध्याय ने बताया,‘‘किसान नेता राकेश टिकैत, शिवकुमार शर्मा ‘कक्काजी’, योगेंद्र यादव और अन्य नेता एसकेएम के इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान हम यह नहीं कहेंगे कि किसके पक्ष में मतदान किया जाए। हम, बस, लोगों से यह कहना चाहते हैं कि वह उन लोगों को सजा दें जो किसानों के खिलाफ हैं।’’
दौरे का BJP पर होगा असर?
गौरतलब है कि प्रयागराज में 27 फरवरी को, गोरखपुर में तीन मार्च को और वाराणसी में सात मार्च को मतदान होना है। विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता और सिद्धार्थ नाथ सिंह प्रयागराज से भाजपा के लोकप्रिय उम्मीदवारों में शामिल हैं, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकसभा क्षेत्र है और भाजपा का गढ़ माना जाता है।

Desk Team