यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर लगातार प्रत्याशियों के नामों का ऐलान जारी है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होने वाले हैं। पहला चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा। चुनाव में हिस्सा लेने वाली सभी पार्टियां अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान लगातार कर रही हैं। बीजेपी ने मंगलवार (18 जनवरी 2022) को दूसरी लिस्ट जारी की। बीजेपी के केंद्रीय कमिटी ने पत्र जारी कर विधानसभा समेत उम्मीदवारों के नाम जारी किए।

बीजेपी ने बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र से छत्रपाल गंगवार को टिकट दिया है तो भोजीपुरा सीट से बहोरनलाल मौर्य को टिकट दिया गया है।
पहले बीजेपी ने 107 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया
इससे पहले बीजेपी ने 107 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया था। योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर और उमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू सीट से टिकट दिया गया है। बीजेपी ने पहली लिस्ट में 20 फीसदी विधायकों के टिकट काटकर 21 नए चेहरों को मौका दिया था। इसके अलावा 60 फीसदी से अधिक उम्मीदवार ओबीसी और दलित समुदाय से थे।
10,000 कार्यकर्ता उनके साथ डिजिटल माध्यम से हुई चर्चा में शामिल रहे
उधर आज बीजेपी के सबसे बड़े नेता और स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को वाराणसी के बीजेपी के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे लोगों को उनके एक-एक वोट की ताकत को समझाये। साथ ही उन्होंने कहा कि वह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसलिए कुछ पा रहे हैं क्योंकि लोगों ने उनको वोट दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां अपने संसदीय क्षेत्र के बूथ स्तरीय बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ नमो ऐप के जरिये संवाद किया। इस दौरान जिले और महानगर के 10,000 कार्यकर्ता उनके साथ डिजिटल माध्यम से हुई चर्चा में शामिल रहे और उन्होंने8 विधानसभा क्षेत्रों के 8 बूथ अध्यक्षों से बात की।


Download Android App
Download iOS App



