समर्थन के ऐलान के बाद बदले नरेश टिकैत के सुर, BKU किसी दल या गठबंधन को नहीं देगी समर्थन

Summary :

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन को समर्थन देने वाले बयान पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने यू-टर्न ले लिया है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन को समर्थन देने का ऐलान करने वाले भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के सुर अब बदल गए हैं। अपने पुराने बयान से ‘यू-टर्न’ लेते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में किसी दल या गठबंधन का यूनियन समर्थन नहीं करेगी। 
एक न्यूज़ एजेंसी से बातचीत करते हुए टिकैत ने कहा, “भाकियू अराजनीतिक संगठन है और ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ का हिस्सा है। भाकियू विधानसभा चुनाव से अलग है और किसी दल या गठबंधन का समर्थन नहीं करेगी।” बुढ़ाना विधानसभा सीट से टिकट मिलने की घोषणा होने के बाद रविवार को लोकदल के गठबंधन प्रत्याशी राजपाल बालियान शामली जिले में टिकैत के गांव सिसौली के पहुंचे थे।

अखिलेश ने किया चुनावी वादा, बोले- 300 यूनिट मुफ्त बिजली लेने वाले कल से कराएं अपना पंजीकरण

 यहां बैठक के दौरान नरेश टिकैत ने सपा-रालोद गठबंधन को अपना समर्थन देते हुए समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की थी। हालांकि सोमवार सुबह केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान से मुलाकात करने के बाद वह किसी भी पार्टी को समर्थन ने देने की बात कह रहे हैं। 
लंबे समय तक चले किसान आंदोलन के दौरान बीजेपी नेताओं से नाराज चल रहे किसानों व भाकियू नेताओं ने बीजेपी नेताओं का सिसौली में ‘प्रवेश बंद’ कर दिया था। जिसके बाद से केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान पहली बार सिसौली पहुंचे थे।  टिकैत ने कहा, “चुनाव के दौरान कोई भी उनके गांव सिसौली में आ-जा सकता है। किसी पर कोई प्रतिबंध नहीं, सभी का स्वागत है।” 
केंद्रीय पशुपालन मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने सोमवार को सिसौली पहुंचकर भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत का हाल जाना था। पिछले दिनों चौधरी नरेश के कंधे का ऑपरेशन हुआ है। गौरतलब है कि ये दोनों नेता, बालियान खाप से हैं।

Desk Team