उत्तर प्रदेश में इंसानों पर आवारा कुत्तों के हमले के मामले सामने आ रहे हैं। सहारनपुर के बाद लखनऊ में आदमखोर कुत्तों के झुंड ने दो मासूम भाई-बहन को शिकार बनाया। हमले में 8 साल के भाई की मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल सात साल की बहन का इलाज़ जारी है। सहारनपुर जिले में कुत्ते के हमले में पांच साल की बच्ची की मौत के दो दिन बाद लखनऊ में यह घटना हुई।
घर के बाहर खेल रहे थे जन्नत और रजा
जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम हुई इस घटना से स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया, जिन्होंने बुधवार देर शाम तक स्थानीय थाने में धरना दिया और लखनऊ नगर निगम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद रजा और उसकी बहन जन्नत ठाकुरगंज इलाके में अपने घर के बाहर खेल रहे थे, तभी करीब 8 से 10 कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। चीखते-चिल्लाते बच्चों को बचाने के लिए स्थानीय लोग दौड़े और बड़ी मुश्किल से कुत्तों को भगाया।
पुलिस ने कहा कि निवासी घायल बच्चों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले गए जहां लड़के को मृत घोषित कर दिया गया। केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी संदीप तिवारी ने कहा कि हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की लेकिन खून की कमी के कारण लड़के को नहीं बचा सके। उसकी बहन आईसीयू में है और उसकी हालत गंभीर है।
शिकायत पर नगर निगम ने नहीं दिया ध्यान
बच्चों के पिता मोहम्मद शबाब ने कहा कि वह अपनी दुकान में काम कर रहे थे जब उन्हें घटना की सूचना मिली और वे केजीएमयू पहुंचे। उनकी पत्नी अपनी बड़ी बेटी के साथ मुंबई में हैं। स्थानीय निवासियों ने कहा कि आवारा कुत्ते एक खतरा है और उन्होंने पहले भी कई लोगों पर हमला किया था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने नगर निगम के समक्ष इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



