मुजफ्फरनगर में बसपा के एक मतदान एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उस पर यह फर्जी खबर फैलाने का आरोप है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) ठीक से काम नहीं कर रही हैं और ईवीएम के जरिए सिर्फ भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में वोट पड़ रहे हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर धारा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। धारा ने कथित तौर पर ‘‘फर्जी खबर’’ फैलाई थी कि ईवीएम में बसपा उम्मीदवार के नाम और चुनाव चिह्न के सामने वाले बटन को जब दबाया जा रहा है जो भाजपा के पक्ष में वोट पड़ रहे हैं। धारा के मुताबिक, बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के कसोली मतदान केंद्र पर गुरूवार को यह मामला सामने आया था।
गांव के चौकीदारों की भाजपा सरकार को कोई चिन्ता नहीं : अखिलेश
जिला मजिस्ट्रेट अजय शंकर पांडेय ने शुक्रवार को यहां पीटीआई-भाषा को बताया कि जांच के दौरान चुनाव आयोग ने शिकायत में किए गए दावे को गलत पाया। इसके बाद धारा सिंह के खिलाफ भोपा पुलिस थाने में आईपीसी और जनप्रतिनिधित्व कानून की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
बताया जा रहा है कि बसपा एजेंट ने मीडिया को बताया था कि कसोली मतदान केंद्र पर ईवीएम ठीक से काम नहीं कर रहा। चुनाव आयोग ने इस शिकायत को गंभीरता से लिया और जिला मजिस्ट्रेट से घटना की रिपोर्ट देने को कहा।
कसोली मतदान केंद्र मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में है, जो बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के तहत आता है। बिजनौर सीट पर पहले चरण के तहत गुरूवार को वोट डाले गए।


Download Android App
Download iOS App



