उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के टीकाकरण कार्य को केंद्र सरकार के दिशानिर्देश तथा क्रम के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार का कोई भी बदलाव न किया जाए। बता दें कि उत्तर प्रदेश में अब तक 22,643 लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए टीके की पहली खुराक दी गई है।
मुख्यमंत्री रविवार को अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार प्रदेश में शनिवार से प्रारंभ हुए कोविड-19 टीकाकरण अभियान की विस्तार से जानकारी प्राप्त करते हुए उन्होंने टीकाकरण को सुव्यवस्थित ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि प्रदेश में 22,643 लोगों को अब तक कोविड-19 से बचाव के लिए विकसित टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण की दर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज किए जाने के बावजूद वर्तमान में भी पूरी सतर्कता बरतना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों को कोविड-19 से बचाव के संबंध में निरन्तर जागरूक किया जाए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को आयुष्मान भारत योजना से लाभान्वित किया जाए।


Download Android App
Download iOS App



