उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण किया गया है। इस भवन के निर्माण में 132 करोड़ रुपए की लागत आई है। जिले के इंदिरापुरम क्षेत्र में स्थित इस भवन में 280 तीर्थयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भवन का उद्घाटन किया।
आदित्यनाथ ने कहा, “परियोजना का शिलान्यास 2017 में किया गया था और मुझे गर्व है कि यह तैयार हो गया। इससे (काम में तेजी) कुछ लोगों को ईर्ष्या हो रही है। बहुत से काम पूरे होने में कई साल और सदियां लगती थी, अब वह तेजी से पूरे हो रहे हैं।”

उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा, “लेकिन जिन्हें भारत की उन्नति, खुशहाली और गांव, युवा, लोगों का विकास पसंद नहीं उनकी नींद उड़ गई है। अब वह देश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।” उन्होंने कहा, “कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्रियों को राज्य सरकार का सहयोग पचास हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है।”
भवन में मौजूद हैं फाइव स्टार वाली सुविधाएं
चार फ्लोर के भव्य मानसरोवर भवन में 280 लोगों के रुकने की सुविधा दी गई है। उनके लिए चार बेड वाले 46 कमरे और डबल बेड वाले 48 कमरों का निर्माण किया गया है। बेसमेंट में 85 गाड़ियों के खड़े करने की सुविधा है। उनके साथ अंडरग्राउंड टैंक, पंप रूम, रैंप-1 और फैन रूम 2, स्टिल्ट फ्लोर पर 103 गाड़ियां खड़ी होंगी, जबकि रिसेप्शन, लॉबी, किचन, डाइनिंग रूम, आईटीबीपी रूम, एडमिन ऑफिस, अकाउंट ऑफिस, मेडिकल रूम, सेमिनार हॉल और स्टोर रूम बनाए गए हैं।
पहले फ्लोर पर चार सीटर के 18 कमरे, दो सीटर के चार, दूसरे फ्लोर पर चार सीटर वाले 20 कमरे और दो सीटर के चार व एक कैफे बना है। तीसरे फ्लोर पर चार सीटर के दो और दो सीटर के 20 कमरे, चौथेफ्लोर पर भी चार सीटर के चार कमरे और दो सीटर के 20 कमरों के अलावा एक मेडिटेशन के लिए भी जगह निर्धारित की है। किचन में गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन और कमरों के लिए बेड, टीवी, चादर, तकिए के अलावा तमाम चीजों की भी सुविधा दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



