मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि बाजारों की प्रदेशव्यापी साप्ताहिक बन्दी अब रविवार के स्थान पर पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप होगी। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि राजधानी के एसजीपीजीआई, केजीएमयू तथा डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा एक हजार आईसीयू बिस्तर तैयार किए जाएं।
एक सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को यहां लोक भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा कर्मियों को मेडिकल संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए सभी प्रबन्ध किए जाएं। राजधानी के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), किंग जार्ज मेडिकल विश्वविदयालय (केजीएमयू) तथा डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा 1,000 आईसीयू बिस्तर तैयार किए जाएं। उन्होंने निषिद्ध क्षेत्रों में सभी लोगों का कोविड-19 टेस्ट सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाजारों की प्रदेशव्यापी साप्ताहिक बन्दी अब प्रत्येक रविवार के स्थान पर पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप रहेगी। उन्होंने कहा कि निषिद्ध क्षेत्रों को छोड़कर अन्य स्थानों पर सभी होटल व रेस्टोरेंट का संचालन कराया जाए। इस गतिविधि में संक्रमण से सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कोरोना वायरस संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ‘दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी’ के प्रति लोगों को विशेष रूप से जागरूक करते हुए आर्थिक गतिविधियां संचालित कराई जाएं।
योगी आदित्यनाथ ने तहसील दिवस तथा थाना दिवस कोविड-19 दिशानिर्देशों के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा तहसीलदार अपने क्षेत्रों की जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस और थाना दिवस की सफलता के लिए आवश्यक है कि जन समस्याओं का समयबद्ध ढंग से गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा है कि सभी विभागाध्यक्ष और कार्यालयाध्यक्ष कार्मिकों की उपस्थिति का नियमित निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण करें।


Download Android App
Download iOS App



