कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने राज्य में योगी आदित्यनाथ सरकार के तहत गौशालाओं में गायों की कथित दुदर्शा को उजागर करने के लिए शनिवार से बुंदेलखंड क्षेत्र के विभिन्न जिलों में ‘गाय-किसान बचाओ पदयात्रा’ शुरु करने की घोषणा की है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘ श्रीकृष्ण-राम के प्रदेश में गायों की दुर्दशा कराई जा रही है। सरकारी गौशालाएं यातना गृह बन गयी हैं।’’
गुर्जर ने दावा किया कि पदयात्रा शुरू होने से एक दिन पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी और पूर्व सांसद प्रदीप जैन आदित्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को शुक्रवार को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि पार्टी यह स्पष्ट कर देना चाहती है कि अगर पदयात्रा को रोकने की कोशिश की गई, तो सरकार को उसके अंजाम भुगतने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस शनिवार से पूरे प्रदेश में ‘गाय-किसान बचाओ पदयात्रा’ शुरू करेगी। इसकी शुरुआत ललितपुर जिले से होगी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू इस पदयात्रा की अगुवाई करेंगे। लल्लू सिर पर गायों की अस्थियां रखकर चित्रकूट जाएंगे।’’
छह दिवसीय पदयात्रा ललितपुर जिले के सौजना गौशाला से शुरू होगी और यह चित्रकूट जिले में मंदाकिनी नदी के तट पर संपन्न होगी।
गुर्जर ने कहा, ‘‘प्रदेश की गौशालाओं में गायों की दशा बेहद हृदय विदारक है। योगी सरकार को अपने इन पापों का प्रायश्चित करना चाहिए।’’
संवाददाता सम्मेलन में कथित रूप से ललितपुर, मैनपुरी, आगरा, सोनभद्र और वाराणसी की गौशालाओं में रखी गई गायों की दुर्दशा को प्रदर्शित करने वाले वीडियो भी दिखाए गए।


Download Android App
Download iOS App



