कोरोना : आगरा, मेरठ समेत यूपी के पांच जिले रेड जोन घोषित किए गए

Summary :

प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग अमित मोहन प्रसाद ने यह निर्देश प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को देते हुए अवगत कराया है कि जो जिला रेड जोन अथवा ग्रीन जोन में वर्गीकृत नहीं है उन्हें ऑरेंज जोन में माना जाएगा

उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहै है। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वायरस से निपटने के लिए सरकार ने संपूर्ण राज्य में लॉकडाउन जारी है। इस बीच, सरकार ने प्रदेश के आगरा, मेरठ, कानपुर नगर, गौतमबुद्ध नगर एवं गाजियाबाद के नगरीय क्षेत्र रेड जोन में वर्गीकृत किए गए हैं। जिन जिलों में पिछले 21 दिनों से कोरोना वायरस संक्रमण का कोई भी पुष्ट मामला नहीं आया है वे जनपद स्वतः ग्रीन जोन में वर्गीकृत हो जाएंगे।
एक सरकारी बयान में प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग अमित मोहन प्रसाद ने यह निर्देश प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को देते हुए अवगत कराया है कि जो जिला रेड जोन अथवा ग्रीन जोन में वर्गीकृत नहीं है उन्हें ऑरेंज जोन में माना जाएगा। अमित मोहन प्रसाद ने अपने निर्देश में स्पष्ट किया है कि रेड जोन में वर्गीकृत जिलों के जिलाधिकारी कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के दृष्टिगत अपने विवेकानुसार अतिरिक्त कदम उठाने हेतु अधिकृत होंगे।
गौरतलब है कि भारत सरकार ने राज्यों को उनके जनपदों एवं नगर निकायों को संक्रमण के दृष्टिगत रेड ग्रीन और ऑरेंज जोन में वर्गीकृत करने का अधिकार प्रदान किया है। इसके लिए भारत सरकार द्वारा छह मानक भी निर्धारित किए गए हैं। जिसके दृष्टिगत प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने प्रदेश के पांच जनपदों को रेड जोन में वर्गीकृत करते हुए 20 मई, 2020 को समस्त जिलाधिकारियों को उक्त निर्देश जारी किए हैं।

Desk Team