उत्तर प्रदेश में कोरोना का विस्फोट जारी है। संक्रमितों का आंकड़ा दिन पर दिन लगातार तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 6,193 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 71 और रोगियों की मौत होने के बाद राज्य में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 3,762 तक पहुंच गया है। वहीं, 6,193 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2,53,175 तक पहुंच गया है।
अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ”पिछले 24 घंटे में 6,193 नये मामले सामने आये हैं। इस समय इलाजरत रोगियों की संख्या 58,595 है, जबकि 1,90,818 रोगी ठीक हो चुके है।” गुरुवार तक प्रदेश के कानपुर में 456, लखनऊ में 392, वाराणसी में 173, प्रयागराज में 171,मेरठ में 142, बरेली में 121 और आगरा में 108 रोगियों की मौत हुई थी।
प्रेस वार्ता में अपर मुख्य सचिव सूचना, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जनपद लखनऊ, कानपुर नगर, वाराणसी, प्रयागराज तथा गोरखपुर में कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये है कि कारागारों में संक्रमण रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। जेल कर्मियों की भी नियमित जांच की जाए। कैदियों को जेल भेजने से पहले अस्थायी जेल में रखा जाए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि संक्रमण का प्रसार रोकने के लिये घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जाए और कोविड-19 जांच अच्छी तरह से की जाए। उन्होंने अस्पतालों में आईसीयू बिस्तारों की संख्या बढ़ाने के लिये प्रयास करने के भी निर्देश दिये हैं।


Download Android App
Download iOS App



