उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने शुक्रवार को कहा कि शिक्षा में भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा और अगर मदरसों की जांच होगी तो स्कूलों की भी होगी।
शिक्षा में नहीं होने दिया जाएगा भ्रष्टाचार -शिक्षा मंत्री
मेरठ में विभागीय समीक्षा करने आईं देवी ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा , ”शिक्षा में भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा। स्कूल हो या मदरसा दोनों बराबर हैं। अगर मदरसों की जांच होगी तो स्कूलों की भी होगी।”
देवी ने कहा कि सरकारी अनुदान लेने के मकसद से चलाए जा रहे मदरसों और विद्यालयों के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी।
जिस भी मदरसे ने फर्जी तरीके से सरकारी अनुदान लिया है,उसकी जांच हो रही है – मंत्री
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिस भी मदरसे ने फर्जी तरीके से सरकारी अनुदान लिया है, उसकी जांच हो रही है
मंत्री ने कहा, ”सरकार माध्यमिक विद्यालयों के कायाकल्प के प्रति गंभीर है। विद्यालयों में सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) की तर्ज पर अंग्रेजी माध्यम में भी पठन-पाठन की तैयारी की जा रही है। इसके साथ खेल कूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।”
स्कूलों में किताबों की कमी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच कराई जाएगी और सभी स्कूलों में किताबें भिजवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा, “सरकारी स्कूलों में शिक्षा के विकास के लिए कार्य किए जाएंगे। निजी स्कूल की तरह सरकारी स्कूलों में भी पूरी सुविधाएं दी जाएंगी।”


Download Android App
Download iOS App



