महाशिवरात्रि से पहले वाराणसी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, ड्रोन से रखी जा रही नजर

Summary :

वाराणसी में महाशिवरात्रि की तैयारी, ड्रोन से रखी जा रही नजर

महाशिवरात्रि से पहले वाराणसी में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। महाकुंभ में स्नान के बाद श्रद्धालु बड़ी संख्या में काशी का रुख कर रहे हैं। इसके चलते काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कर्नाटक से आए श्रद्धालु गंगाधर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यहां बहुत ही भीड़ है और इस वजह से मंदिर के बाहर लंबी लाइन लगी हुई है।

मुंबई से आए श्रद्धालु निकुंज ने कहा कि मैं सुबह से दर्शन के लिए खड़ा हूं और पांच घंटे के बाद भी लाइन में ही खड़ा रहना पड़ रहा है। हालांकि, मैं यहां दर्शन के लिए आया हूं और उसके बाद ही जाऊंगा। हैदराबाद से आए श्रद्धालु उमेश ने बताया कि प्रयागराज से ज्यादा वाराणसी में भीड़ है। मंदिर में दर्शन के लिए काफी समय लग रहा है।

वहीं, श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर वाराणसी जिला प्रशासन की तरफ से भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने आईएएनएस से खास बातचीत की।

उन्होंने कहा, “वाराणसी में महाशिवरात्रि का पर्व बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वर्तमान में रोजाना 7 से 8 लाख श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। उनके दौरे को देखते हुए यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। इसके अलावा सुगम दर्शन के लिए एक अलग व्यवस्था बनाई गई है, जिसके तहत सिर्फ श्रद्धालु ही दर्शन कर पाएंगे।”

काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने कहा कि वाराणसी में वर्तमान समय में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है, इसलिए ड्रोन के माध्यम से उनकी निगरानी की जा रही है। बता दें कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा, जिसको लेकर श्रद्धालुओं में अभी से ही काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। घाट से लेकर रोड पर लोगों का सैलाब दिखाई दे रहा है। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.