देश में जहां एक ओर अदृश्य महामारी कोरोना वायरस ने अपना कोहराम मचा रखा है, तो वहीं उत्तर प्रदेश के नोएडा में साइबर ठगों ने एक उद्योगपति को अपनी ठगी का शिकार बना लिया। दरअसल, साइबर ठगों ने एटीएम कार्ड क्लोन करके नोएडा के एक उद्योगपति के खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए।
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी अभिनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 44 स्थित पर्ल गेटवे सोसायटी में रहने वाले विवेक कपूर ने सेक्टर 39 थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनका एक निजी बैंक में खाता है और अज्ञात साइबर ठगों ने उनके खाते से छह बार में 75,000 रुपये निकाल लिए।
शिकायत में कहा गया है कि जब उनके पास रुपये निकालने का मोबाइल पर संदेश आया तो उन्होंने बैंक से पता किया। इस पर जानकारी मिली कि गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित एक एटीएम से रुपये निकाले गए हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि साइबर ठगों ने एटीएम कार्ड क्लोन करके पीड़ित के खाते से पैसा निकाला है।


Download Android App
Download iOS App



