CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए अनुशासन बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अनुशासन आत्मानुशासन से पैदा होता है और यह जीवनभर सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस नजरिये से युवाओं को अनुशासन का व्यावहारिक ज्ञान देने में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की महत्वपूर्ण भूमिका है। योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के सिक्टौर (तालकंदला) में एनसीसी प्रशिक्षण अकादमी का भूमि पूजन और शिलान्यास करने के बाद यहां आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। गोरखपुर की प्रशिक्षण अकादमी का निर्माण 10 एकड़ क्षेत्रफल में 55 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
Highlights:
- जीवन में सफलता के लिए अनुशासन बहुत जरूरी है: योगी आदित्यनाथ
- ‘गोरखपुर में एनसीसी प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना की जा रही’
- ‘यदि कोई व्यक्ति या संस्था की तरफ से प्रयास किया जाता’
‘गोरखपुर में एनसीसी प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना की जा रही’
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 1948 में संसद के एक अधिनियम के जरिये गठित एनसीसी युवाओं को एकता और अनुशासन के लिए प्रेरित करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी संगठन है। उन्होंने कहा कि एनसीसी को आज के युवाओं के जीवन का हिस्सा बनाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दृष्टिकोण है और इस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए गोरखपुर में एनसीसी प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना की जा रही है।
‘यदि कोई व्यक्ति या संस्था की तरफ से प्रयास किया जाता’
योगी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था की तरफ से प्रयास किया जाता है तो सरकार दो कदम आगे बढ़कर सहयोग करती है और एनसीसी प्रशिक्षण अकादमी के लिए गोरखपुर मुख्यालय ने ऐसा ही प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीसी ग्रुप मुख्यालय गोरखपुर में आने वाले 11 जिलों में से चार जिले सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच आकांक्षी जिले हैं और एनसीसी अकादमी में प्रशिक्षित युवा इन जिलों को विकसित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। योगी ने कहा कि प्रदेश की 56 प्रतिशत आबादी कामकाजी है और एनसीसी की यह प्रशिक्षण अकादमी यहां के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए देश सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। देश के लिए समर्पण की भावना से ही एकता और अनुशासन का भाव आगे बढ़ता है।’’
‘गोरखपुर को विकास के नक्शे पर चमका दिया’
इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास और यहां के लोगों का भविष्य संवारने के लिए मुख्यमंत्री प्रतिदिन 18 घंटे कार्य करते हैं और उन्होंने गोरखपुर को विकास के नक्शे पर चमका दिया है। एनसीसी के अपर महानिदेशक मेजर जनरल विजय विक्रम कुमार ने एनसीसी परिवार की तरफ से मुख्यमंत्री योगी का स्वागत किया और एनसीसी की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।


Download Android App
Download iOS App



