प्रयागराज से शाह ने विपक्ष पर बोला हमला, कहा- UP में पहले ‘माफिया कोरिडोर’ था, अब वहां ‘डिफेंस कोरिडोर’ बन रहा

Summary :

अमित शाह ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकारों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार से पहले सपा-बसपा ने उत्तर प्रदेश को आतंक का गढ़, दंगे का केंद्र और ‘माफिया कोरिडोर’ बना रखा था।

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी तरफ से पूरा दमखम लगा रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकारों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार से पहले सपा-बसपा ने उत्तर प्रदेश को आतंक का गढ़, दंगे का केंद्र और ‘माफिया कोरिडोर’ बना रखा था। 
योगी सरकार ने पांच साल में माफियाओं को चुन चुनकर खत्म करने का काम किया 

शहर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के प्रीतम नगर में दुर्गा पूजा पार्क में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि 2017 में प्रदेश की जनता ने 300 से अधिक सीटें देकर भाजपा की सरकार बनाई और जहां ‘माफिया कोरिडोर’ था, अब वहां ‘डिफेंस कोरिडोर’ बन रहा है। शहर पश्चिम सीट से भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान में प्रदेश सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के समर्थन में प्रचार करने आए केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पांच साल में माफियाओं को चुन चुनकर खत्म करने का काम किया। 

राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष का उम्मीदवार बनने की अटकलों पर नीतीश ने दिया बयान, कही ये बात

शाह ने कहा, ” एक समय था जब उत्तर प्रदेश में कट्टे और गोलियां बनती थीं 
उन्होंने कहा, ”आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जेल में हैं। अगर गलती से अखिलेश की सरकार लाए तो ये लोग जेल में नहीं, बेल (जमानत) पर रहेंगे।” शाह ने कहा, ” एक समय था जब उत्तर प्रदेश में कट्टे और गोलियां बनती थीं, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में मिसाइल और गोले बन रहे हैं जो दुश्मन का दिल दहलाने का काम कर रहे हैं। यह परिवर्तन भाजपा की सरकार ने पांच साल में लाया है।” गृह मंत्री शाह ने कहा कि सपा और बसपा के शासन में उत्तर प्रदेश के गांवों और शहरों में कभी 24 घंटे बिजली नहीं आती थी। लेकिन योगी की सरकार ने लोगों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का काम किया। 
शाह ने योगी सरकार की गिनवाई उपलब्धियां  
उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने पांच नए एक्सप्रेसवे बनाए और साथ ही नौ नए हवाई अड्डे बनाने का काम भाजपा की सरकार ने किया। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शाह ने कहा, ”प्रदेश सरकार ने 40 नए मेडिकल कॉलेज बनाए, 57 से अधिक इंजीनियरिंग कॉलेज बनाए और कई पॉलिटेक्निक बनाने का काम भाजपा की सरकार ने किया। भाजपा ने प्रदेश में विकास की राजनीति की शुरुआत की और जातिवाद की राजनीति समाप्त की।” 
शाह ने कहा कि भाजपा सरकार मेरठ से प्रयागराज तक 595 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए पूरे पूर्वांचल का सेंटर प्रयागराज में बनाने का काम प्रदेश सरकार ने किया है। अमित शाह ने इस सभा के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रोड शो भी किया।

Desk Team