मेरठ में यूपी एसटीएफ और बदमाश के बीच मुठभेड़, घायल अपराधी की मौत

Summary :

मेरठ में पुलिस मुठभेड़ में घायल जीतू की इलाज के दौरान मौत

उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की नोएडा यूनिट से मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बदमाश की मौत हो गई। घायल बदमाश की पहचान जीतू उर्फ जितेंद्र के रूप में हुई है, जो हरियाणा के झज्जर के आसौंदा सिवान थाना क्षेत्र का निवासी था। जीतू पर गाजियाबाद के तिलामोड़ थाना क्षेत्र में 2023 में हुई हत्या के मामले में एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उस पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। 2016 में झज्जर में एक डबल मर्डर के मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी।

इसके बाद, 2023 में उसे पैरोल पर रिहा किया गया था। लेकिन, वह पैरोल का उल्लंघन कर फरार हो गया। इसके बाद उसने गाजियाबाद के तिलामोड़ थाना क्षेत्र में सुपारी लेकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी।

यहां तक कि जेल में रहते हुए वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया था और फरारी के बाद गैंग के साथ मिलकर कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया था। पुलिस की कई टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। लेकिन, वह हर बार पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो जाता था। एसटीएफ की टीम भी लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

बताया जाता है कि जब इस बदमाश के छिपे होने की सूचना एसटीएफ को मिली तो उन्होंने कोई हड़बड़ी नहीं की। पहले बदमाश की शिनाख्त की गई और उसके बाद उसे पकड़ने की कोशिश की गई। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जीतू उर्फ जितेंद्र के खिलाफ कई और गंभीर मामलों में जांच तेज कर दी है। वहीं, उसके पुराने मामले और उसके साथियों की भी तलाश की जा रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.