BJP प्रत्याशी सिद्धार्थ नाथ पर हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने मामले का किया खंडन

Summary :

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह पर हमला करने वाले आरोपी की खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह पर हमला करने वाले आरोपी की खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिद्धार्थ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के श्चिमी विधानसभा सीट से प्रत्याशी है। यह प्राथमिकी सिद्धार्थ नाथ सिंह की निजी सुरक्षा में तैनात संतोष कुमार कुशवाहा ने गुरुवार की रात दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया है कि सिंह मुंडेरा मंडी के सामने केंद्रीय कार्यालय से अपने कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए निकल रहे थे, तभी दोपहर लगभग 12 बजे हिमांशु दुबे नामक व्यक्ति सल्फास का पैकेट निकालकर चिल्लाने लगा।
सिद्धार्थ के सुरक्षाकर्मी ने दर्ज कराई शिकायत 
शिकायत के मुताबिक, आरोपी हिमांशु दुबे ने दूसरे हाथ से सर्जिकल ब्लेड निकालकर मंत्री पर हमला कर दिया। वहां मौजूद मंत्री के सुरक्षाकर्मी कुशवाहा ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। धूमनगंज थाने के प्रभारी अनूप सिंह ने अभियुक्त के खिलाफ आईपीसी की धारा 284 और 307 के तहत मामला दर्ज किया है। इस बीच, जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने मंत्री पर हमले की खबर का खंडन किया था।
पुलिस ने किया हमले की खबर का खंडन 
पुलिस अधिकारी ने कहा था कि मीडिया में सिद्धार्थ नाथ सिंह पर हमले की खबर चलाई जा रही है जो पूरी तरह असत्य है उन्होंने कहा था, मैंने घटनास्थल पर जाकर जांच की तो पाया की जौनपुर निवासी 26 वर्षीय हिमांशु दुबे नामक व्यक्ति ने सल्फास खाने की धमकी दी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है

Desk Team