उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक इंटर कालेज में मेज पर रखी बोतल से पानी पी लेने पर एक दलित छात्र के साथ कथित रूप से मारपीट करने, गाली-गलौज करने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में प्रधानाचार्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
शीघ्र विवेचना पूरी कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राम अर्ज ने बताया कि थाना अफजलगढ़ में राजकुमार नामक छात्र ने तहरीर दी कि वह चमनो देवी इंटर कालेज में 11 वीं का छात्र है, रविवार को कॉलेज में 12वी के छात्रों की विदाई के लिए एक समारोह आयोजित किया गया था। इसी दौरान उसने मेज पर रखी बोतल से पानी पी लिया तो प्रधानाचार्य योगेंद्र कुमार और उनके भाइयों ने मारपीट की और अभद्रता कर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया।
एएसपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रधानाचार्य समेत आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) को जांच सौंपी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



