हापुड़ के प्राइवेट अस्पताल में लगी आग, AC में शॉर्ट सर्किट के बाद हुआ ब्लास्ट, मरीजों को सुरक्षित निकाला

Summary :

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में देर रात गढ़ रोड स्थित देवनंदनी अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर भीषण आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह आग अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर कमरा नंबर 12 में लगे AC में शॉर्ट सर्किट के बाद हुए ब्लास्ट के कारण लगी

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में देर रात एक प्राइवेट अस्पताल में आग लग गई। गढ़ रोड के देवनंदनी अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर भीषण आग लग गई। इसके बाद से अस्पताल परिसर में धुएं का गुबार छा गया और अफरा-तफरी का महौल हो गया। अच्छी बात ये रही कि स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और अस्पताल प्रशासन ने तुरंत NICU में भर्ती नवजात शिशुओं समेत सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कैसे लगी आग?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर कमरा नंबर 12 में लगे AC में अचानक शॉर्ट सर्किट के बाद ब्लास्ट हुआ। धमाका होते ही कमरे में आग लग गई और देखते ही देखते दूसरे फ्लोर तक धुआं छा गया। आग लगने के बाद धुएं की वजह से लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने होने लगी, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। चीफ फायर ऑफिसर (CFO) अजय शर्मा ने बताया कि रात को करीब 12:50 बजे फायर स्टेशन हापुड़ को आग लगने की सूचना मिली थी।

मरीजों को गोद में उठाकर बाहर निकाला

जिस वक़्त अस्पताल में आग लगी, वहां आईसीयू और अन्य वार्डों में मरीज भर्ती थे। हालात बिगड़ते देख अस्पताल प्रशासन, स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन ने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों को रेस्क्यू किया। जो बुजुर्ग मरीज चलने-फिरने में असमर्थ थे, उन्हें डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों ने गोद में उठकर सुरक्षित बाहर निकाला।

मौके पर पहुंचे दमकल की कई गाड़ियां

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची। अस्पताल में जहां आग लगी, वहां चरों तरफ पानी की बौछारें की गई। इसके बाद से आग पर काबू पाया गया। सभी की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने आग लगने का प्राथमिक कारण AC ब्लास्ट ही बताया। हालांकि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी सुरक्षित हैं।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।