उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्लांट में गुरुवार को जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। टैंक का वाल्व लीक होने के बाद ये धमाका हुआ। जिसके बाद प्लांट में भगदड़ मच गई। आग लगने से वहां काम कर रहे तीन मजदूर झुलस गए। मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंच गई हैं।
दमकलकर्मी स्थिति पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन किसी भी अनहोनी से बचने के लिए आसपास के गांवों को खाली करा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक एचपीसीएल गैस प्लांट में आज सुबह गैस अपलोड करते समय टैंकर का वाल लिक करने से आग लग गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी है। वहीं फायरकर्मी हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।

लीकेज को रोकने की भी पूरी कोशिश की जारी है।इसी के साथ ही लखनऊ जाने वाली ट्रेनों को उन्नाव रेलवे स्टेशन पर और कानपुर जाने वाली गाड़ियों को सोनिक तथा अजगैन स्टेशन पर रोका जा रहा है। घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक मेवालाल ने बताया कि अभी तक तीन मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग बुझाने का काम कर रही हैं। संयंत्र की ओर जाने वाले रास्ते को सील कर वहां आने-जाने वाले लोगों को रोका जा रहा है। आग के विकराल होने के चलते संयंत्र में मौजूद मजदूरों को बाहर निकाला जा रहा है। जिले के कई थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में लगे हैं। संयंत्र में घायल हुए मजदूरों के अनुसार, एलपीजी कैप्सूल में लीकेज के बाद आग लगी थी जिसने एकदम से विकराल स्वरूप ले लिया।


Download Android App
Download iOS App



