उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला में आज तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। आगरा से नोएडा जा रही एक गाड़ी पुलिस के वाहन से टकरा गई। हादसे में मध्य प्रदेश पुलिस के चार जवानों समेत पांच लोगों की मौत और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. गौरव ग्रोवर ने मीडियाकर्मियों को बताया, ‘‘मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के भूड़ेरा थाना की एक टीम एक युवती के अपहरण के मामले में जांच पड़ताल के लिए हरियाणा के बहादुरगढ़ जा रही थी। घटना शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हुई।’’
सड़क हादसे में भूडेरा थाना के मुख्य आरक्षी भवानी प्रसाद, महिला आरक्षी हीरा देवी, चालक जगदीश व पुलिस मित्र रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरक्षी कमलेंद्र यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि एक अन्य मुख्य आरक्षी रतिराम, धर्मेंद्र कुमार और महिला आरक्षी प्रीति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी ग्रामीण श्रीश चंद्र ने बताया, ‘‘हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया और यातायात बहाल कराया। घटना की सूचना टीकमगढ़ पुलिस को दे दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



