उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मंगलवार को अवैध शराब बनाने के दौरान जहरीली गैस निकलने से चार लोगों की मौत हो गई। चारों लोग जिस घर में अवैध शराब बना रहे थे, उसके तहखाने में मृत पाए गए। घटना मुरादाबाद के दिलारी थाना क्षेत्र के राजपुर केसरिया गांव की है। राजेंद्र सिंह, उनके दो बेटे और एक मजदूर घर के तहखाने में बने एक छोटे से कमरे में मृत पाए गए। सूचना मिलने पर एसएसपी पवन कुमार के साथ अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चार लोगों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
पुलिस ने घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में पता चला है कि राजेंद्र सिंह अवैध शराब बनाता और बेचता था। एक साल पहले भी उसके घर से 250 पेटी अवैध शराब बरामद हुई थी, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था। जेल से बाहर आने के बाद राजेंद्र सिंह अपने दोनों बेटों के साथ फिर से अवैध शराब बनाने लगा था।
राजेंद्र सिंह की पत्नी फूलवती ने पहले चारों को बेहोश पड़ा देखा और पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी लेकिन जब तक पुलिस पहुंची तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। मुरादाबाद के एसएसपी पवन कुमार ने कहा कि फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और आगे की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



