गोमती रिवरफ्रंट मामला : CBI ने यूपी में 40 जगहों पर की छापेमारी, दर्ज की गयी नई FIR

Summary :

लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट परियोजना में कथित अनियमितताओं के संबंध में सोमवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश में 40 से अधिक स्थानों पर छापे मारकर तलाशी ली।

लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट परियोजना में कथित अनियमितताओं के संबंध में सोमवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने  उत्तर प्रदेश में 40 से अधिक स्थानों पर छापे मारकर तलाशी ली। उत्तर प्रदेश में पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान परियोजना संचालित हुई थी। राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। 
जांच से जुड़े सीबीआई के एक सूत्र ने बताया, एजेंसी की कई टीमें उत्तर प्रदेश में 40 से ज्यादा जगहों पर तलाशी ले रही हैं।सूत्र ने कहा कि सीबीआई द्वारा परियोजना में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एक नया मामला दर्ज करने के बाद तलाशी ली जा रही है।
उन्होंने कहा कि आगरा में भी तलाशी चल रही है। इस मामले में दर्ज की गई यह दूसरी प्राथमिकी है। गोमती रिवरफ्रंट परियोजना अखिलेश यादव सरकार के तहत एक महत्वाकांक्षी परियोजना थी। सीबीआई ने 30 नवंबर, 2017 को मामला दर्ज किया था, जिसकी जांच पहले उत्तर प्रदेश पुलिस कर रही थी। यह आरोप लगाया गया है कि 1,513 करोड़ रुपये की गोमती रिवरफ्रंट विकास परियोजना में व्यापक अनियमितताएं की गई थीं।

Desk Team