हापुड़ : भाजपा नेता राकेश शर्मा एवं चन्द्रपाल हत्याकांड का खुलासा

Summary :

हापुड़ जनपद के थाना धौलाना की पुलिस ने 24 घंटे के अंदर भाजपा नेता राकेश शर्मा हत्याकांड का खुलासा कर दिया। इसके साथ ही मई महीने में हुए चन्द्रपाल हत्याकांड का भी खुलासा हो गया है।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) : हापुड़ जनपद के थाना धौलाना की पुलिस ने 24 घंटे के अंदर भाजपा नेता राकेश शर्मा हत्याकांड का खुलासा कर दिया। इसके साथ ही मई महीने में हुए चन्द्रपाल हत्याकांड का भी खुलासा हो गया है। 
पुलिस ने दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाले भोलू मिर्ची गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का सरगना सहित दो बदमाश अब भी फरार हैं। बदमाशों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल हथियार एवं कार बरामद की गयी है। पुलिस ने यह जानकारी दी। 
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. यशवीर सिंह ने बताया, ‘‘नौ सितंबर को भाजपा नेता राकेश शर्मा हत्याकांड को अंजाम देने वाले भोलू मिर्ची गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि गिरोह का सरगना समेत दो बदमाश अभी फरार हैं।’’ 
उन्होंने बताया, ‘‘गिरफ्तार बदमाशों की पहचान गांव फगौता के रहने वाले गौरव एवं रामकुमार, गांव करनपुर जट्ट थाना धौलाना जनपद हापुड़ के रहने वाले राजेन्द्र एवं मंटू के तौर पर हुई है, जबकि फरार गिरोह सरगना की पहचान गाजियाबाद के रहने वाले आशु उर्फ प्रवीण उर्फ धर्मेन्द्र तथा जनपद मेरठ के रहने वाले राजू के तौर पर हुई है।’’ 
एसपी ने बताया, ‘‘पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि गिरोह सरगना आशु उर्फ प्रवीण का ससुर राजेन्द्र निवासी करनपुर जट्ट भी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। राजेन्द्र एवं गांव के निवासी भाजपा नेता चन्द्रपाल का पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। चन्द्रपाल पैसे लेने के लिए राजेन्द्र पर दबाव बना रहा था, तभी ससुर राजेन्द्र के कहने पर दामाद आशु ने साथी रामकुमार के साथ मिलकर चन्द्रपाल की गोली मारकर हत्या कर दी।’’ 
उन्होंने बताया कि मृतक चन्द्रपाल एवं भाजपा नेता राकेश शर्मा के आपस में अच्छे सम्बन्ध थे। राकेश शर्मा चन्द्रपाल के बेटों के साथ रहकर मुकदमे की पैरवी कर रहे थे, जिसकी जानकारी राजेन्द्र ने अपने दामाद आशु को दी और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर राकेश शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। उनसे बरामद कार को उन्होंने नोएडा के विसरख क्षेत्र से लूटी थी। 

Shera Rajput